एक प्रेमी की पीड़ा गृह में नित नव पुष्प खिलाती,
एक विरही के चन्दन तन सी जब यादें सेज बिछाती,
मेरे अरमानों का दरिया आंसू बन बह जाता
बिन बोले जब तेरी अंखियाँ सुन्दर राग सुनाती.
गंगा दूषित कलुषित-काली और अपावन लगती मुझको,
मेरे अधर सिद्ध हो जाते जब-जब वे छू लेते तुझको.
बिन पंखों की चिड़िया जैसे दूर देश तक जाती
बिन बोले जब तेरी अंखियाँ सुन्दर राग सुनाती.
गाँव जहाँ तीरथ से पावन गृह जैसे मथुरा और काशी,
ह्रदय जहाँ मंदिर से सुन्दर तू उस स्वप्न लोक की वासी.
स्वेत चाँद की किरणें मानो आतप को ज्यों गले लगाती
बिन बोले जब तेरी अंखियाँ सुन्दर राग सुनाती.
उन्मुक्त पखेरू ह्रदय तुम्हारा, काराग्रह सा जीवन मेरा,
मेरा आंगन अंधकारमय तुम जैसे नवनीत सवेरा.
शीतल, सहज,शुभ्र चांदनी नयन पटल में ज्यों भर जाती
बिन बोले जब तेरी अंखियाँ सुन्दर राग सुनाती.
अलंकार की नहीं कामना ना स्वर्ण जड़ित संसार चाहिए,
अंतिम क्षण तेरी बांहों में इतना भर उपहार चाहिए.
बेताब नयन, बेसुध सा अंतर, बेजान कल्पना जीवन पाती
बिन बोले जब तेरी अंखियाँ सुन्दर राग सुनाती.
- "राही"
.jpg)
No comments:
Post a Comment